ललितपुर अन्तर्गत गौना रेंज में ट्रक की टक्कर से एक तेंदुआ की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना रात करीब 8 बजे की बतायी जा रही है।
विज्ञापन
गौना रेंज अंतर्गत नेशनल हाईवे ग्राम गौना व नाराहट के बीच में शनिवार की देर शाम एक तेंदुआ सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेंदुआ की मौत मौके पर ही हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर गौना रेज के अधिकारी ने तेंदुआ के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने बताया कि हिट एंड रन में तेंदुआ की मौत हुई है। उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वाहन की तलाश की जा रही है। तेंदुआ की उम्र करीब पांच साल बतायी जा रही है।