संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी/ललितपुर। होलिका दहन की रात कस्बा बांसी में चोरों ने भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री व होमगार्ड के घरों में लाखों की चोरी कर ली।
थाना जखौरा अंतर्गत कस्बा बांसी में पुलिस चौकी से दो सौ मीटर दूर ग्राम आलापुर निवासी भाजयुमो के पूर्व महामंत्री धर्मेंद्र यादव का मकान है। उनकी मां प्रधान हैं, इसलिए वह होली के मौके पर गांव गया था। घर पर तीन लाख 35 हजार रुपये रखे हुए थे। इसी दौरान कोई चोर कमरे का ताला और कुंदा तोड़कर घर में रखी अलमारी का लॉक तोड़ पूरी नकदी उठा ले गया। जब उसके पिता मकान पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई। धर्मेंद्र यादव ने पुलिस को सूचना दी।
उसी रात पुराने बार रोड निवासी होमगार्ड राजकुमार शर्मा डयूटी पर गए थे और उनकी मां जो उनके साथ रहती हैं, उनकी आंखों का आपरेशन होने के कारण वह अपने पुराने मकान ब्राह्मण पुरा में जाकर रुक गई थीं। सूना घर पाकर चोरों ने 65 हजार रुपये और सोने की दो अंगूठी एवं अन्य जेवरात चोरी कर लिया।