बांसी (ललितपुर)। तहसीलदार ने एक शिकायतकर्ता को ही नोटिस थमा दिया है। इसमें कहा गया कि रिश्वत लेना और देना दोनों ही गैर कानूनी है। नोटिस मिलते ही शिकायतकर्ता सहम गया है।
बांसी निवासी अभिषेक सोनी एक राजस्व कर्मी की कई शिकायतें कर चुके हैं लेकिन हर बार वह शिकायतों का झूठा निस्तारण करके अब तक बचता रहा है। पिछले दिनों शिकायत कर्ता ने इसकी रिकार्डिंग कर ली और उसका ऑडियो कार्रवाई कराने के लिए अधिकारियों को सुना दिया। इससे अधिकारी कार्रवाई के लिए विवश हो गए। इस पर अधिकारियों ने राजस्व कर्मी पर कार्रवाई करने की जगह शिकायतकर्ता को ही घेरना आरंभ कर दिया है। तहसीलदार द्वारा नोटिस जारी करते हुए रिश्वत लेना और देना दोनों ही गैर कानूनी है, जितना रिश्वत लेने वाला दोषी है उतना ही देने वाला दोषी है। इस प्रकार अभिषेक सोनी को दोषी ठहराते हुए लिखा है कि क्यों न उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी जाए? नोटिस जारी होने से शिकायतकर्ता तनाव में आ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह से कोई भी भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ने की सोचेगा भी नहीं। अब तहसीलदार तालबेहट ने शिकायतकर्ता को 21 सितंबर को साक्ष्य के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।