तालबेहट। प्राइमरी विद्यालय विंद्रावन बाग खांदी में एक अध्यापिका और एक शिक्षक के मध्य विवाद हो गया। देखते ही देखते उनमें और उनके समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्ष कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए पहुंच गए। कुछ अध्यापक दोनों पक्षों में सामंजस्य बनाने के प्रयास में जुटे थे।
बृहस्पतिवार को विकासखंड के ग्राम सभा खांदी के मजरा विंद्रावन बाग के प्राइमरी विद्यालय में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी की बैठक के दौरान मारपीट हो गई। दरअसल, एसडीएम से शिकायत की गई थी कि एक शिक्षिका समय से विद्यालय नहीं आती हैं। स्कूल मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में आरोप-प्रत्यारोप लगने लगे और एक शिक्षक व एक अध्यापिका में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक-दूसरे के बीच मारपीट होने लगी। कहा जा रहा है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने रिवाल्वर भी लहरा दी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। इसके बाद कोतवाली में शिक्षकों का जमावड़ा लगा रहा। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्ष कोतवाली में मौजूद थे।
यह मामला अभी तक मेरे संज्ञान में नहीं है और न ही मुझे किसी ने कोई जानकारी दी है।
- मोहम्मद कमर, एसडीएम तालबेहट
विवाद की जानकारी के बाद मौके पर कस्बा के थाना प्रभारी अजय सिंह और डायल 100 पुलिस भेजी गई थी। दोनों पक्षों द्वारा दिए गए शिकायती पत्रों की जांच चल रही है। विभागीय अधिकारियों के आने के बाद ही इस संबंध में आगे कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक तालबेहट।
दोनों के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा है। इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पूर्व में दे दी गई थी, वह चाहते तो किसी एक का स्थानांतरण कर विवाद हल कर सकते थे, परंतु उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया।
- देशभक्त चतुर्वेदी, ब्लाक अध्यक्ष शिक्षक संघ तालबेहट
एसडीएम से शिकायत की गई थी कि शिक्षिका समय से विद्यालय नहीं आ रहीं हैं। इसी को लेकर बैठक हो रही थी। मौके पर जाकर मामले की जांच करेंगे।
- बृजेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी