ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम तिलहरी में घर के आंगन में सो रही महिला को सांप ने डस लिया, जिससे महिला की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम तिलहरी निवासी सोना (40) पत्नी लल्लू सहरिया बृहस्पतिवार की रात को खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई, लेकिन कमरे में गर्मी लगने की वजह से देर रात वह घर के आंगन में जमीन पर सो गई। इसी दौरान वहां से निकले सांप ने उसे डस लिया, जिस पर महिला ने सांप को हाथ से पकड़कर दूर फेंक दिया और उसके चीखने चिल्लाने पर परिजन आ गए और उसने सांप के काटने की बात बताई। परिजन पहले तो उसे झाड़-फूंक के लिए पहले ग्राम गोरा, फिर दौलता और ग्राम बरौदा ले गए, लेकिन तीनों जगह से उसे कोई लाभ नहीं हुआ और उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे पहले जखौरा स्थित अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ललितपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जिस पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय लाए, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की चार बेटियां और दो बेटे हैं।