ललितपुर। हरियाणा के सोनीपत से रक्षाबंधन का त्योहार मनाने छतरपुर स्थित गांव लौट रहे मजदूर की ऑटो पलटने से मौत हो गई। हादसे में एक किशोर समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार चल रहा है।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के घुवारा गांव निवासी अन्नू (18) पुत्र तिजइयां अहिरवार अपनी मां, बहन और गांव के अन्य लोगों के साथ हरियाणा के सोनीपत में मजदूरी करता था। रक्षाबंधन पर परिवार के लोग मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे मालवा एक्सप्रेस से ललितपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन से ऑटो में सवार होकर सभी लोग अपने गांव घुवारा जा रहे थे।
ऑटो कोतवाली क्षेत्र के मसौराकलां गांव में महरौनी रोड पर पहुंचा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों और आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अन्नू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मृतक की मां अंजो (45), बहन रामकुंवर (19), गांव निवासी हरबल (35) पुत्र किल्लू, उसकी पत्नी सुनीता (32) और ऋषिराज (8) पुत्र हरबल घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया गया।
चालक पर लापरवाही का आरोप
मृतक की बहन रामकुंवर ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक तेज आवाज में गाना बजाते हुए वाहन चला रहा था। वह कई बार हाथ छोड़कर ऑटो चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उसके भाई की जान चली गई। मृतक के पिता तिजइयां ने बताया कि उनका बेटा, बहू, नातिन और गांव के अन्य लोग रक्षाबंधन मनाने घर लौट रहे थे। रास्ते में ऑटो पलटने से हादसा हो गया। अन्नू दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया गया है।