ललितपुर। बार थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती की गला काटकर हत्या के
मामले में पकड़े गए प्रेमी को अदालत की अनुमति से तीस घंटे की कस्टडी
रिमांड पर लिया गया। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर चाकू और मोबाइल तो
बरामद कर लिए, लेकिन वारदात में शामिल अन्य लोगों के नाम नहीं खुल सके
हैं।
बार थानाध्यक्ष शशांक राजपूत ने कोर्ट की अनुमति पर जिला कारागार
में निरुद्ध ग्राम मथुरा डांग निवासी बृजेंद्र सिंह लोधी को 30 घंटे की
कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। जांच अधिकारी के तमाम प्रयासों के बाद भी
हत्यारोपी वारदात में किसी अन्य की संलिप्तता से इंकार करता रहा। जांच
अधिकारी ने हत्यारोपी की निशानदेही पर उसके खेत में बनी झाड़ियों से वारदात
में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे वापस जिला
कारागार भेज दिया गया।