- जखौरा से होकर गुजरी नदी पर बने रपटाें के ऊपर भी बह रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/जखौरा। जिले में हो रही मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। कई क्षेत्रों में नदी और रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है। जखौरा क्षेत्र से निकली खेड़र नदी के पुल पर भी पानी पहुंच गया है। लोग यहां से जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं।
ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम जैरवारा-टौरिया के बीच से खेड़र नदी का उद्गम होता है। यह नदी थनवारा, अंधियारी, सीरोंन कला, सतगता, सींरोन खुर्द, विनैका माफी, नगवास, जखौरा, घिसौली, बुंदेरो, बुधेड़ी, धुरवारा, कोटरा व राजपुर गांव के पास से होती हुई बेतवा नदी में मिलती है। नदी की लंबाई करीब 35 किलोमीटर है। बारिश होने से खेड़र नदी पूरे उफान पर बह रही है। इस वजह से जखौरा-सिरसी मार्ग पर निर्मित रपटा और जखौरा से बांसी जाने वाले सड़क मार्ग पर बने पुराने पुल के ऊपर से पानी जा रहा है। जखौरा-तालबेहट मार्ग पर बने रपटा के ऊपर से भी पानी बह रहा है, जिससे इन क्षेत्रों के करीब दो दर्जन गांव के लोग जखौरा नहीं पहुंच पा रहे हैं। लोग वैकल्पिक मार्गों के जरिए जखौरा पहुंच रहे हैं कई लोग इन रपटों के ऊपर बह रहे पानी के बीच जान जोखिम में डालकर निकलने को विवश हैं। सबसे ज्यादा खराब हालत तो जखौरा-तालबेहट मार्ग पर बने रपटा के दूसरी ओर बसे जखौरा नदी मोहल्ले के लोगों हो रही है। रपटा के ऊपर तेज बहाव के बीच से लोग निकल रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि वह कई बार रपटा पर पुुल बनाने की मांग कर चुके हैं लेकिन उन्हें कोरी दिलासा मिलती है। यही कारण है कि बरसात के दिनों में हजारों लोगों को जान जोखिम में डालकर रपटा के ऊपर बह रहे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
इन गांव के लोग प्रभावित
जखौरा-तालबेहट मार्ग पर बने रपटा के ऊपर से पानी बहने के कारण ग्राम बुढेरा, राजपुर, कोटरा, गुलेदा, मनपुरा, भौरखरी और लालौन के लोग प्रभावित हो रहे हैं। जबकि जखौरा-बांसी मार्ग पर निर्मित पुराने पुल के ऊपर से खेड़र नदी का पानी आ जाने पर ग्राम पिपरा, जमौरा और रायपुर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिरसी-जखौरा मार्ग पर निर्मित रपटा के ऊपर पानी बहने से ग्राम सिरसी, रसोई, बानौली, धर्मपुरा, मनगुवां, राखपंचमपुर, थनवारा, अंधियारी, बूचा के लोगों को जखौरा जाने में परेशानी हो रही है। कुछ लोग वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर रहे हैं।
फोटो-22
कैप्शन- अजब सिंह
बारिश के सीजन में जब खेड़र नदी उफान पर होती है तो इस पर बने रपटा और पुल डूब जाते हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है, लोग जान जोखिम में डालकर रपटों और पुल के ऊपर से गुजरने को मजबूर हैं। शासन-प्रशासन से मांग है कि इस नदी पर ऊंचे पुल का निर्माण कराया जाए।- अजब सिंह
फोटो-23
कैप्शन-दीनू सोनी
खेड़र नदी पर निर्मित पुल और रपटा के ऊपर पानी आने से बारिश के दिनों में काफी परेशानी हो रही है। इस नदी के ऊपर पुल बनवाने की कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन सिर्फ दिलासा ही मिल रहा है। जिला प्रशासन से मांग है कि नदी पर ऊंचे पुल का निर्माण कराया जाए।- दीनू सोनी