ललितपुर। खजुराहो से कुरुक्षेत्र के लिए चलाई जाने वाली विशेष ट्रेन का संचालन आज शनिवार से खजुराहो रेलवे स्टेशन से शुरू हो रहा है। खजुराहो व कुरुक्षेत्र से चलकर ललितपुर के रास्ते दिल्ली रूट पर यह पहली ट्रेन है। इससे पूर्व टीकमगढ़ खजुराहो रेल रुट पर अभी तक भोपाल, झांसी और इंदौर तक ही ट्रेनों का संचालन हो रहा था, जो फिलहाल लॉकडाउन के चलते बंद रही हैं। केंद्र व राज्य सरकारों से लॉकडाउन में राहत मिलने के बाद अब रेलवे ने भी ट्रेनों का संचालन धीरे-धीरे करना शुरू कर दिया है। फिलहाल अभी अधिकांश नियमित ट्रेनों को कोविड-19 विशेष ट्रेानों के रुप में संचालित किया जा रहा है। रेलवे द्वारा पूर्व में दिल्ली रूट की कुरुक्षेत्र-खजुराहो गीतांजली एक्सप्रेस ट्रेन को झांसी, ललितपुर से होकर टीकमगढ़ के रास्ते खजुराहो तक संचालन करने को हरी झंडी मिल गई थी, लेकिन कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन होने के कारण इस ट्रेन का संचालन तब शुरू नहीं हो सका था। लेकिन अब रेलवे द्वारा इस ट्रेन का संचालन 12 सितंबर यानी आज शनिवार से खजुराहो रेलवे स्टेशन से शुरू किया जा रहा है और यह ट्रेन फिलहाल कोविड विशेष ट्रेन के रुप में संचालित होगी और रेलवे द्वारा इसके लिए गाईड लाइन भी जारी कर दी गई है। बिना रिजर्वेशन के इस ट्रेन में कोई भी यात्री प्रवेश नहीं कर सकेगा। वहीं प्लेटफार्म पर भी स्क्रीनिंग या बिना टिकट के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं एक अन्य ट्रेन गोरखपुर यशवंत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन भी 12 सितंबर से अपने प्रारंभिक स्टेशन से शुरु हो रहा है, जो अगले दिन ललितपुर स्टेशन पर आएगी। इन दोनों ट्रेनों के ठहराव से जहां कुरुक्षेत्र-खजुराहो एक्सप्रेस ट्रेन के दोनों ओर से चलने से जनपदवासियों को खजुराहो व दिल्ली के लिए नई ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी, वहीं यशवंत-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन एक बार फिर से शुरु होने से लोगों को लखनऊ गोरखपुर के लिए यात्रा करना कोविड दौर में आसान हो सकेगा।
खजुराहो व कुरुक्षेत्र के लिए नई ट्रेन का संचालन फिलहाल कोविड विशेष ट्रेन के रुप में शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन को सरकारों के सुझाव पर खजुराहो तक चलाने के लिए हरी झंडी मिली है। यह आज से शुरू होगी, जो छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर के रास्ते झांसी होते हुए कुरुक्षेत्र के लिए संचालित होगी। इस ट्रेन में शुक्रवार को शाम पांच बजे तक कुल 605 टिकटों की अलग-अलग स्टेशन के लिए बुकिंग हो चुकी है। मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।