ललितपुर। सर्दी बढ़ने के साथ ही ट्रेनों की लेटलतीफी शुरू हो गई है। रविवार को आने वाली कई ट्रेन एक से डेढ़ घंटे और कुछ लंबी दूरी की ट्रेनें तीन से पांच घंटे तक लेट आईं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा। वहीं, स्पेशल व वीकली ट्रेनें पांच घंटे या इससे भी अधिक देरी से आ रही हैं।
झांसी के रास्ते कानपुर जाने वाली कानपुर सेंट्रल स्पेशल ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम को 4:40 बजे आनी थी, जो लगभग बीस घंटे लेट होकर दूसरे दिन रविवार दोपहर में 12:26 बजे आई। ललितपुर से झांसी की ओर जाने वाली ट्रेनों में हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को दो घंटे, उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन 3:05 घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे लेट रही।
ललितपुर से भोपाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में रविवार को पठानकोट एक्सप्रेस ट्रेन 3:23 घंटे, राप्तीसागर एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे, सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन पांच घंटे, दादर सेंट्रल मेला स्पेशल ट्रेन 3:55 घंटे, अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे तक लेट रही।
खजुराहो जाने वाली ट्रेनों में गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन 2:07 घंटे, गोरखपुर स्पेशल मेला ट्रेन तीन घंटे लेट रही। हरिद्वार से पुरी की ओर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन भी रविवार को 6:55 घंटे तक लेट रही। संवाद