अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। विकास खंड मड़ावरा के ग्राम गोराकछया की कमला देवी ने मल्टीलेयर फार्मिंग (बहुस्तरीय खेती) की कार्ड संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण लिया। इसके बाद उन्होंने सब्जी उत्पादन किया। अब वह आत्मनिर्भर होकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रही हैं।
विकास खंड मड़ावरा में एचडीएफसी बैंक के वित्तीय सहयोग से कार्ड संस्था के माध्यम से छोटी जोत के कृषकों के लिए बहुस्तरीय सब्जी खेती योजना संचालित की जा रही है। किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए यह वरदान साबित हो रही है। वर्तमान में वित्तीय वर्ष में इस योजना का लाभ 160 छोटी जोत के किसान लाभ उठा चुके हैं। ग्राम गौरा कछया की महिला किसान कमला कुशवाहा ने इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर अपनी आय में बढ़ोतरी की है। उनके बच्चे और पति आज बाहर जाकर मजदूरी करने के लिए मजबूर नहीं हैं।
सेंट्रल फॉर एडवांस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (कार्ड) संस्था ने बहुस्तरीय सब्जी की खेती के माध्यम से लाभार्थियों को 10 प्रकार के बीज, जैविक खाद, दवा, पोषक, जीआईतार, ग्रीन नेट आदि सामग्री उपलब्ध कराई, साथ ही उन्हें फील्ड स्तर पर प्राची फील्ड कोर्डिनेटर के माध्यम से इस तकनीक को लगाने के तरीका आदि में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्हें इस इस योजना से प्रति माह 14 से 17 हजार रुपये की आमदनी हो रही है।