संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में 10वें सशस्त्र सेना वेटरन दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने वीर नारियों एवं वीरता विशिष्ट पदक विजेताओं को प्रशस्ति पत्र दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी देश तभी प्रगति करता है, जब वहां की सीमा सुरक्षित होती है। हमारे देश की प्रगति के लिए सेना का योगदान अभूतपूर्व है। सैनिकों और उनके आश्रितों की किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
पूर्व सैनिकों की वीरता और बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट करने का दिन है। हमारे पूर्व सैनिकों का साहस और देशभक्ति हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जिलाधिकारी ने ग्राम सौजना निवासी शहीद चरण सिंह की पत्नी संध्या चंदेल को वीर नारी के रूप में सम्मानित किया। इसके अलावा चार पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने भी सभी पूर्व सैनिकों के साहस को नमन किया।