ललितपुर। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय) निर्भय प्रकाश, सिविल जज जूनियर डिवीजन (त्वरित न्यायालय) गरिमा सक्सेना एवं केंद्रीय नाजिर विजय सचान जांच रिपोर्ट में पॉजीटिव पाए गए हैं। इसके चलते आज 23 अप्रैल को न्यायालय परिसर में सैनिटाइजेशन एवं सफाई का कार्य होने के चलते प्रभारी जनपद न्यायाधीश ने न्यायालय को बंद रखने का आदेश दिया है।
------------
दो मई तक न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे अधिवक्ता
जिला बार एसोसिएशन की एक बैठक बृहस्पतिवार को जिला बार भवन में आयोजित की गई, इसमें जिले में बढ़ते कोविड संक्रमण पर चर्चा की गई। बताया गया है कि बुधवार को जहां 348 कोरोना के मरीज मिले, वहीं बृहस्पतिवार को भी आंकड़ा लगभग चार सौ के पास रहा है। इससे कई पीठासीन अधिकारी व कर्मचारी भी संक्रमित होने से जिला जजी प्रभावित हैं। वहीं कई वादकारी भी कोरोना के भय की वजह से न्यायालय नहीं आ पा रहे हैं। जबकि, अधिवक्ताओं व वादकारियों व अधिकारियों, कर्मचारियों को भी इस संक्रमण से बचाना आवश्यक है। ऐसे में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि अधिवक्ता 22 अप्रैल से दो मई तक समस्त कार्यों से विरत रहेंगे। उन्होंने जिला न्यायाधीश को प्रस्ताव देकर दो मई तक न्यायालय बंद रखने की मांग भी की है और इस दौरान वादकारियों व अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक न्यायालय की सामान्य तिथियां नियत करने की मांग की है। बैठक के दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश घोष एवं अन्य पदाधिकारी व अधिवक्ता उपस्थित रहे।