डोंगरा खुर्द (ललितपुर)। प्रदेश में आयोजित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के क्रम में ललितपुर जनपद में 19 अप्रैल को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने जा रहे हैं। तिथि नजदीक होने के चलते चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ललितपुर जनपद में जिला पंचायत की नाराहट सीट पर दिग्गजों के चुनाव मैदान में उतरने से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। उधर, प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी मिल चुके हैं और चुनाव प्रचार भी अब जोर पकड़ गया है। मतदाताओं के घर पर न मिलने पर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ वोट मांगने के लिए खेत खलिहान तक पहुंच रहे हैं।
ललितपुर जनपद की जिला पंचायत की नाराहट सीट पर दिग्गजों के चुनाव मैदान में उतरने से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इस सीट से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार बडौनिया चुनाव मैदान में हैं। प्रमोद बडौनियां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं और बहुत समय से राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े हैं। प्रमोद बडौनियां की दावेदारी से कई प्रत्याशियों का गणित गड़बड़ा सकता है। इसी सीट से पूर्व जिला पंचायत सदस्य अतुल निरंजन भी अपनी दावेदारी जता रहे हैं जो पिछली बार इसी सीट से चुनाव जीते थे । तीसरे प्रत्याशी के रूप में इस सीट पर भाजपा समर्थित युवा प्रत्याशी मनोज कुशवाहा भी पूरे जोश के साथ चुनाव मैदान में हैं। कुशवाहा समाज का अच्छा वोट बैंक माना जाता है। वहीं चौथे प्रत्याशी के रुप में दामोदर पटेल भी इस सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं। अतुल निरंजन के साथ- साथ दामोदर पटेल की भी अन्य समाज के साथ साथ पटेल कुर्मी समाज के वोट बैंक में मजबूत पकड़ मानी जा रही है। मनोज कुशवाहा को नाराहट कस्बे का स्थानीय निवासी होने के नाते स्थानीय थोक वोट मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी द्वारा समर्थित प्रत्याशी होने के नाते पार्टी का वोट बैंक भी निर्णायक साबित हो सकता है। इसके अलावा इस सीट से 9 और प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं जिनमें कुछ अन्य राजनीतिक दलों द्वारा समर्थित प्रत्याशी हैं जो पूरे दमखम के साथ चुनाव प्रचार में जुट गए हैं और मतदाताओं के बीच पहुंचकर क्षेत्र के विकास के लिए अपने-अपने तरीके से कार्य करने की बात कर वोटरों को रिझा रहे हैं।