तालबेहट। पंचायत चुनाव में मतदान का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, प्रत्याशियों में आरोप प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है। इस संबंध में उम्मीदवार एक दूसरे की शिकायतें भी पुलिस से कर रहे हैं। सोमवार को कोतवाली तालबेहट पुलिस को सूचना दी गई कि ग्राम सभा खांदी के मजरा विंद्रावन बाग में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के दो उम्मीदवार मतदाताओं को शराब बांट रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों प्रत्याशियों को कोतवाली ले आई। जांच करने पर शिकायत झूठी पाई गई।
प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद ने बताया कि सोमवार को खांदी से क्षेत्र पंचायत के दो उम्मीदवारों ने डायल 112 पर फोन करके एक दूसरे पर मतदाताओं को शराब वितरित करने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर मामला पूरी तरह से झूठा पाया गया। वहीं, पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष वाद विवाद करने लगे। दोनों को कोतवाली लाया गया तथा शांति भंग में चालान कर परगना मजिस्ट्रेट के यहां भेज दिया गया। आरोपियों के नाम फूलचंद्र, प्रमोद, विनोद और पंचम निवासी ग्राम विंद्रावन बाग खांदी हैं। आरोपी फूलचंद्र और प्रमोद क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार हैं।