ललितपुर। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अब तक 81 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। अकेले बुधवार को ही 40 से अधिक नामांकन पत्र बिके। उधर, ब्लाक स्तर पर निर्वाचन अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों के प्रधानों, सदस्यों और क्षेत्र पंचायत के सदस्यों के पदों पर निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी कर दिया है।
सात अप्रैल से नामांकन पत्र जमा करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो आठ अप्रैल तक चलेगा। 11 अप्रैल को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। 19 अप्रैल को मतदान एवं दो मई को मतों की गणना की जाएगी। संबंधित विकासखंड मुख्यालय पर ग्राम प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत के नामांकन पत्रों की बिक्री से लेकर नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच करने, उम्मीदवारी वापस लेने, चुनाव चिह्न आवंटन, मतों की गणना, परिणाम की घोषणा का कार्य किया जाएगा। वहीं, जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन से लेकर परिणाम की घोषणा जनपद मुख्यालय पर की जाएगी। वर्तमान में नामांकन पत्रों की बिक्री का काम चल रहा है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए जिला पंचायत में बिक्री की जा रही है। इसमें 50 आरक्षित एवं 31 अनारक्षित वर्ग के दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इस तरह कुल 81 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है।