ललितपुर। इस वर्ष भगवान परशुराम की जयंती 25 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस दौरान घर पर ही रहकर कोरोना को नष्ट करने के लिए भगवान परशुराम से प्रार्थना की जाएगी।
वर्तमान में वैश्विक महामारी कोरोना के प्रकोप के कारण पूरे देश में लॉकडाउन चल रहा है। इस कारण 25 अप्रैल को घरों में भगवान परशुराम जी की जयंती मनाई जाएगी। नेहरु स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश शास्त्री ने बताया कि इस दौरान दीप प्रज्ज्वलन, वैदिक सूक्तों का पाठ करके भगवान परशुराम से प्रार्थना करें कि वह इस राष्ट्र से वैश्विक महामारी कोरोना को नष्ट कर दें एवं भारतवासियों की रक्षा करें। हम स्वयं अपने आवास पर 25 अप्रैल को भगवान श्री परशुराम के उत्सव विग्रह का वैदिक सूक्तों से अभिषेक पूजन व शास्त्रों का पाठ करेंगे। परशुराम जयंती अक्षय तृतीया को होती है। भगवान परशुराम का जन्म रात्रि के प्रथम प्रहर में हुआ था, इसलिए 25 अप्रैल को द्वितीय प्रात: 10 बजे से शाम पांच बजे तक है। इसके बाद तृतीया तिथि आ गई है जो रात्रिभर रहेगी। परशुराम जी का जन्मोत्सव 25 अप्रैल को होगा।