जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करते मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। मंडलायुक्त/जिले के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। जहां पर प्रसूताओं से सुविधाओं की जानकारी लेने पर बताया गया कि आशा बहुओं द्वारा परामर्श और सुझाव नहीं दिए जा रहे। जनऔषधि केंद्र के सामने गंदगी और दूषित जलभराव होने पर सफाई कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले अल्ट्रासाउंड कक्ष का निरीक्षण किया। बताया कि प्रतिदिन लगभग 40 अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं। ओपीडी के निरीक्षण में पाया कि 150-200 मरीज प्रतिदिन आते हैं। सर्जिकल वार्ड में महिला मरीज ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान आशा द्वारा कोई परामर्श और सुझाव नहीं दिया गया। न 102 व 108 एंबुलेंस की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने बच्चे की उचित देखरेख व नियमित टीकाकरण कराने एवं 102 व 108 एंबुलेंस सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र पर दवाइयों की जानकारी ली। जनऔषधि केंद्र के पास गंदगी पाए जाने पर असंतोष जाहिर किया। नालियों की सफाई नहीं पाई गई। केंद्र के सामने वाहन लगे होने पर शीघ्र हटवाने व साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रताप सिंह, एएसपी एके विजेता, एसडीएम सदर गजल भारद्वाज, सीओ सिटी राजासिंह, चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ. एसके वासबानी, सीएमएस महिला डॉ. हरेंद्र चौहान मौजूद रहे।