- बांध के कैचमेंट एरिया में बारिश होने से बांध में बढ़ गई थी पानी की आवक
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जामनी बांध के कैचमेंट एरिया में शुक्रवार को हुई बारिश से बांध का जलस्तर बढ़ गया। जलस्तर को निर्धारित करने के लिए रात को बांध के गेट खोलकर 2096 क्यूसेक अतिरिक्त पानी की निकासी की जाने लगी।
शुक्रवार को जामनी बांध के कैचमेंट एरिया मध्यप्रदेश क्षेत्र और जनपद के क्षेत्र में बारिश होने से जामनी नदी का जलस्तर बढ़ गया और बांध में पानी की आवक ज्यादा होने लगी। इससे बांध का निर्धारित जलस्तर बढ़ने लगा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बांध के जलस्तर को निर्धारित करने के लिए गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी करने के आदेश दिए। जिसके बाद रात को जामनी बांध के दो गेटों को एक-एक फिट ऊंचाई तक खोलकर 2096 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने लगा। गेट खोले जाने से पूर्व निचले क्षेत्र में अनाउंस करवाकर लोगों को अलर्ट किया और नदी क्षेत्र के आसपास न जाने की अपील की। सिंचाई विभाग के अधिकारी बांध के जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं। अवर अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि बांध में पानी की आवक बढ़ने से गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। आवक कम और जलस्तर निर्धारित होने के बाद गेटों को बंद कर दिया जाएगा।