जमीनों पर अवैध कब्जा के बढ़ रहे मामले
समाधान दिवस जैसे आयोजन नहीं दे पा रहे राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संपूूर्ण समाधान दिवस जैसे आयोजन भी जमीनों पर अवैध कब्जे के मामले निस्तारित नहीं कर पा रहे हैं। इस वजह से अनेक पीड़ित लोग डीएम एवं एसपी से सीधे शिकायत कर रहे हैं। ऐसे ही तीन पीड़ितों ने अफसरों को अपनी व्यथा सुनाई है।
मोहल्ला नेहरू नगर सिद्दनपुरा निवासी प्रभुदयाल ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि नेहरू नगर सिद्दनपुरा में तेरह डिसमिल जमीन है, जिस पर तारबाड़ी की गई है। विपक्षी झूठी शिकायतें कर जमीन पर कब्जा करने की फिराक में हैं। पुत्रों सहित जानमाल की सुरक्षा की मांग की है। मोहल्ला नेहरू नगर की निवासी प्रेमबाई ने समाधान दिवस में प्रभारी अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर कुछ लोगों ने गुंडागर्दी के बल पर 27.5 डिसमिल जमीन में से 12 डिसमिल जमीन पर बाड़ लगाकर कब्जा कर लिया है। इसका विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए धमकाया जा रहा है। मोहल्ला गोविंद नगर निवासी मुवीना ने समाधान दिवस में प्रभारी अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि दस डिसमिल के भूखंड पर साझेदारों पर जबरन कब्जा किया जा रहा है जबकि उसके पति के हिस्से की जमीन के संदर्भ में समस्त कागजात हैं। तीन नवंबर, अट्ठाइस नवंबर व बारह दिसंबर को विभिन्न आयोजनों में प्रार्थना पत्र भी दे चुके हैं। इसके बाद भी न्याय संगत कार्रवाई नहीं हुई है। उसने 28 से 31 दिसंबर के मध्य घंटाघर प्रांगण में अनशन शुरू करने की चेतावनी भी दी है।