ललितपुर। जिला अस्पताल में कोविड-19 अस्पताल बनने के बाद मरीज की संख्या अधिक होने पर ऑक्सीजन में दिक्कत आने लगी है। इसे देखते हुए श्री दिगंबर जैन पंचायत समिति के अंतर्गत चलने वाले श्री दिगंबर जैन भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय ने जैन समाज के सहयोग से जिला अस्पताल को 20 ऑक्सीजन सिलिंडर दान में दिए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि जिलाधिकारी से बात करने पर पता चला कि ऑक्सीजन की सप्लाई झांसी से निर्बाध रूप से हो सकती है लेकिन ऑक्सीजन सिलिंडर की आवश्यकता है। यहां पर सिलिंडर कम है। यदि जन सहयोग से प्रशासन को सिलिंडर प्रदान कर दिए जाते हैं तो यहां के वेंटिलेटर, सभी वार्डों और सभी पलंग पर ऑक्सीजन की निर्बाध सप्लाई जारी रहेगी। इस पर श्री दिगंबर जैन भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय ने जैन समाज के लोगों के सहयोग से जिला अस्पताल को 20 सिलिंडर दान किए। इसमें रचना संजीव जैन सीए ने 5 सिलिंडर, करतार चंद जैन अभिलाषा ग्रुप ने तीन सिलिंडर, प्रशांत सिंघई महरौनी द्वारा तीन, स्वतंत्र सुमन मोदी नीलकमल द्वारा दो, राजेश जैन अर्जित जैन द्वारा दो सिलिंडर, शांति जैन पारोल द्वारा दो, सजल जैन अजय जैन द्वारा दो और विपुल जैन दैनिक जनप्रिय द्वारा एक सिलिंडर प्रदान किया गया। कोरोना महामारी समाप्त होने पर उक्त सिलिंडर भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय को प्रशासन वापस कर देगा। इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष अनिल जैन अंचल, महामंत्री डा. अक्षय टड़ैया, भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय के अध्यक्ष अरविंद जैन, सीए संजीव जैन, प्रखर जैन, राजेश जैन चंद्रा, शांत जैन पारौल, स्वतंत्र मोदी आदि उपस्थित रहे।
-----
84 सिलिंडर हैं, आवश्यकता 300 की
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि जिला अस्पताल में केवल 84 सिलिंडर हैं जबकि आवश्यकता 300 सिलिंडर की है। जिस प्रकार जैन समाज ने आगे आकर सिलिंडर प्रदान किए हैं उसी प्रकार अन्य संस्थाएं और समर्थ नागरिक आगे आएं।