बानपुर/ ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत ग्राम वीर में दो माह पहले किसान को बांधकर गेहूं से भरा ट्रैक्टर लूटकर ले जाने के मामले में झांसी पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के बताए अनुसार स्थानीय लोगों के भी शामिल होने पुष्टि हुई है। इसलिए पुलिस उन लोगों की गिरफ्तारी की तलाश में जुट गई है।
ग्राम वीर निवासी सुक्कन पुत्र रमला रजक ने बताया था कि 23 मार्च को अपने खेत में गेहूं की थ्रेसिंग कराई और उसमें 30 क्विंटल गेहूं निकला। जिसे अपने ट्रैक्टर की ट्राली में भरकर अपने खेत पर बने मकान में सो गया। रात्रि में करीब एक बजे छह बदमाश आए और उसे चारपाई से बांधकर कर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भाग गए। उसने सुबह लगभग साढ़े चार बजे पुलिस को सूचना दी।
विवेचना एसआई साबिर अली को सौंपी गई। बानपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। बीते रोज तीन बदमाश चोरी के ट्रैक्टर व ट्राली तथा ट्राली बेचने की पेशगी 89,400 रुपये के साथ थाना सीपरी बाजार झांसी में गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार आरोपी विंद्रावन यादव पुत्र वारेलाल निवासी कोटरा थाना जखौरा, जीतेंद्र उर्फ जीतू पुत्र रामसिंह यादव एवं अजीज मोहम्मद उर्फ भीम पुत्र अब्दुल हनीफ निवासीगण सिद्धेश्वर आईटीआई सीपरी बाजार झांसी को गिरफ्तार किया गया। ट्रैक्टर- ट्राली को बानपुर लाकर विधिक कार्रवाई शुरू की गई।