संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दो किलो चरस के साथ पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अलग-अलग राज्यों से चरस की तस्करी कर लाता था और यूपी-एमपी सहित अन्य राज्यों में बेचता था।
थाना जाखलौन पुलिस शुक्रवार को संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम धौर्रा से भारौन रोड के किनारे बने कचरा घर के गेट के पास से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी ली तो उसके पास से दो किलो 31 ग्राम चरस मिली। आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद शमी निवासी विजय नगर, कच्ची बस्ती, थाना शास्त्रीनगर, जिला जयपुर राजस्थान बताया। आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग राज्यों से चरस की तस्करी करके लाता है और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में इसे बेचता है। बरामद की गई चरस की कीमत बाजार में करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जाखलौन अभिषेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुबोध सिंह, संजय सिंह आदि शामिल रहे।
थाना जाखलौन पुलिस ने अंतरराज्यीय चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो किलो 31 ग्राम चरस बरामद हुई है।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक