ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी व चुनाव प्रेक्षक विशेष सचिव धर्मार्थ कार्य विभाग बाबूलाल श्रीवास ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक की। उन्होंने निष्ठा और ईमानदारी से चुनाव कार्य निपटाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने कहा कि मतदान सुबह सात बजे से आरंभ होकर शाम साढ़े चार बजे तक चलेगा। ग्राम प्रधान एवं सदस्य ग्राम पंचायत के मतपत्रों को अलग-अलग रंग में रखा गया है। प्रधान एवं सदस्य ग्राम पंचायत के मतदान दिवसों पर उम्मीदवारों व उनके अभिकर्ताओं व मतदाताओं को मोबाइल फोन लाना निषेध रहेगा।
निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदान के दिन अनवरत क्षेत्र में भ्रमण करते रहे, साथ ही पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पर बारीक से नजर रखें। अपर जिलाधिकारी मिथलेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि सभी जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपना रूट चार्ट देख लें।
यही नहीं, वहां के वातावरण को भी जान लें। प्रेक्षक बाबूलाल श्रीवास ने कहा कि पिछले चुनाव की भांति यह चुनाव भी सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से काम करें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर रमेशचंद्र, उप जिलाधिकारी मड़ावरा सुरेश कुमार पाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुरेश चंद्र मिश्र, डीसी मनरेगा नरेंद्र देव द्विवेदी,
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर अवधेश कुमार निगम, प्रभारी कार्मिक प्रशिक्षण चंद्रचूड़ दुबे सहित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।