ललितपुर। बीएसए कार्यालय में अनुदेशक भर्ती का मामला फिर से गरमा गया है। बृहस्पतिवार को मड़ावरा क्षेत्र के अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय परिसर में धरना दिया। इसकी भनक लगने पर एसडीएम सदर मौके पर पहुंच गए। उनके आश्वासन पर अभ्यर्थियों ने धरना स्थगित कर दिया।
बीएसए एसपी यादव से मुुलाकात कर एसडीएम रमेश चंद्र ने अनुदेशक भर्ती के बारे में जानकारी हासिल की। अभ्यर्थियों का आरोप है कि चयनित 23 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं दिए गए हैं। वह चार माह से नियुक्ति पत्र के लिए बीएसए कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। विभागीय कर्मी वेबसाइट नहीं खुलने की बात कह रहे हैं। बीएसए ने अभ्यर्थियों को जल्द समस्या के निदान का भरोसा दिया।
मालूम हो कि तत्कालीन बीएसए विनोद कुमार मिश्रा ने 23 चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र उस समय रोक दिए थे, जब कुछ अभ्यर्थियों ने चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों पर सवाल उठाए थे। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने जिला अर्थ और संख्याधिकारी वीर सिंह से मामले की जांच कराई थी, लेकिन उसके बाद से मामला लटका पड़ा है। इस मौके पर राजेंद्र सिंह यादव, सुम्मेर सिंह, हरगोविंद कुशवाहा, आनंद, रघुवीर सिंह, वर्षा सोनी, नीता चोहान, शिवांक कुमार चौरसिया आदि उपस्थित रहे।