संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने ग्राम्य विकास अधिकारियों को विकास कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराएं। खंड विकास अधिकारियों से कहा कि वह ऑफिस में आराम न कर क्षेत्र में निरीक्षण करें।
लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत से जो कार्य कराए जा रहे हैं, उनकी गुणवत्ता खराब है। कई जगहों पर कार्य सिर्फ कागजों में संचालित हो रहे हैं। खंड विकास अधिकारियों को चेतावनी दी कि वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, जिससे विकास कार्यों में गुणवत्ता आ सके। उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास, जनजाति जनसमुदाय को प्राथमिकता के आधार पर आवास, ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, मनरेगा के कार्यों की समीक्षा की।
बैठक न कराने पर जताई नाराजगी : सदर विधायक ने समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि एक वर्ष से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी अनुसूचित जनजाति निवारण समिति की बैठक नहीं कराई, जबकि तीन माह में एक बार बैठक होना अनिवार्य है।य