पीड़िता ने मड़ावरा पुलिस को दी शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सोशल मीडिया पोस्ट की गई रील ने एक युवक की कथित दूसरी शादी की सच्चाई उजागर कर दी। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई शादी की रील से मामला सामने आने के बाद पत्नी थाने पहुंची और पति पर दूसरी महिला से प्रेम विवाह करने का आरोप लगाया। प्रकरण मड़ावरा थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। पीड़िता ने मड़ावरा पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा है, जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।
मड़ावरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी 4 मई 2023 को थाना बानपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शुरुआती कुछ माह तक सब कुछ सामान्य रहा। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता के अनुसार पति उसके साथ मारपीट करता था और दूसरी शादी करने की धमकी देता था।
पीड़िता ने बताया कि 13 नवंबर 2025 को पति उसे मायके छोड़कर यह कहकर गया कि वह काम के सिलसिले में इंदौर जा रहा है। आरोप है कि इंदौर पहुंचने के बाद युवक ने दूर की रिश्तेदार बताई जा रही युवती से प्रेम विवाह कर लिया। बताया गया कि दोनों ने 27 नवंबर 2025 को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले स्थित बगाज माता मंदिर में शादी की। पीड़िता का कहना है कि दोनों के बीच काफी समय से फोन पर बातचीत चल रही थी।
दूसरी शादी को छिपाने के बजाय दंपती ने इंस्टाग्राम पर शादी की रील पोस्ट कर दी। यह रील पीड़िता के एक रिश्तेदार ने देख ली और उसे भेज दी। वीडियो देखने के बाद पीड़िता को पति की दूसरी शादी की जानकारी हुई। इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ थाना मड़ावरा पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत के माध्यम से कई बार समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष की ओर से धमकियां मिलने लगीं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। इस संबंध में थाना बानपुर की कचनौंदा चौकी प्रभारी से बात की गई है और ससुराल पक्ष को बुलाया गया है। बताया गया है कि आरोपी पक्ष वर्तमान में इंदौर में रह रहा है और संक्रांति तक घर आने की बात कही गई है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।