ललितपुर। वार्ड नंबर नौ के बाजार में पसरे अतिक्रमण ने इन्हें सिकोड़ दिया। कारोबारियों ने दुकानों की हद से बाहर तक सामान सजा रखा है। इससे नालियां ढंक गई हैं। जगह न होने से सफाई की रफ्तार भी थम गई है। पार्किंग न होने से जहां-तहां खड़े वाहन जाम के हालात बना देते हैं। वार्ड के कई इलाकों में जलसंकट बना हुआ है।
वार्ड नंबर नौ में घंटाघर से लेकर भीमनगर, नदीपुरा, छत्रसालपुरा, कटरा बाजार व जुसयाना मुहल्ला आते हैं। समूचा कटरा बाजार, चूना लाइन, चूड़ी लाइन, लोहा-पीतल बाजार व सब्जी मंडी अतिक्रमण की चपेट में है। इससे यह सिकुड़ते जा रहे हैं। शाम को लोगों की आवाजाही बढ़ने पर यहां जाम के हालात बन जाते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई दुकानदार शाम को दुकान बंद करते समय नालियों में कचरा डाल देते हैं। इससे जलनिकासी बाधित होती है। यही वजह है कि नालियों की ठीक तरीके सफाई नहीं हो पा रही है। इसके अतिरिक्त इन बाजारों में प्रसाधन व पार्किंग की समस्या बनी हुई है। लोग जहां-तहां अपने वाहन खड़े कर देते हैं। साहित्य शिरोमणि डॉ. कृष्णानंद हुंडैत मार्ग अघोषित दुपहिया स्टैंड बन गया है। चूना लाइन से लेकर महावीर प्याऊ तक महिला-पुरूषों को निकलना मुश्किल हो रहा है। तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष रमेश खटीक के कार्यकाल में मुल्ला जी की गली में बने मूत्रालय को तोड़ दिया गया था।
उसके बाद से दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। केवल महाकाली लाइन में मूत्रालय बना है। सबसे खराब स्थिति सब्जी मंडी की है। यहां दुकानदारों ने खाली स्थानों को प्रसाधन स्थल बना दिया है। महाकाली लाइन के सीसी रोड में जगह-जगह गड्ढे हैं। मुहल्ला छत्रसालपुरा में सफाई के नाम पर रस्म अदायगी हो रही है। जुसयाना मुहल्ला में भी लोग सड़क व अतिक्रमण से परेशान हैं। जलसंकट भी परेशानी का सबब बना हुआ है। नदीपुरा इमाम चौक के पास हैंडपंप खराब पड़ा है। इस क्षेत्र में पाइप लाइन से जलापूर्ति होती है लेकिन टिल्लू मशीन से ही पानी घरों के अंदर पहुंचता है।
नाली पर जाली जरूरी
मुहल्ला जुसयाना की गली में नाली चोक हो गई थी, जिसे स्वयं गंदे पानी की निकासी के योग्य बनवाया। जब तक नाली को चोक होने से बचाने की व्यवस्था नहीं की जाएगी, तब तक समस्या बनी रहेगी। सड़क बनाते समय में बीच जाली लगानी होगी।
सतीश कुमार
गली में नाली का पानी
घर के पास पहले कभी गली थी, लेकिन अब वहां पर नाली का पानी भरा रहता है। नाली की कभी कभार सफाई होने से बड़ी संख्या में मच्छर पनपते जा रहे हैं। इसके अलावा नाली से सटे घरों में सीलन होने लगी है। कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
- हरी पटवा
प्यासे लौट रहे ग्राहक
सब्जी मंडी का प्याऊ दुकानदारों के सहयोग से बनवाया था। इसे नगर पालिका परिषद को समर्पित कर दिया है। लेकिन, सफाई के अभाव में प्याऊ चालू नहीं हो पा रहा है। इससे दुकानदारों को पानी की बोतल या घड़ा साथ रखना पड़ रहा है। राहगीर भी प्यासे ही लौट रहे हैं।
राजू पटवा, दुकानदार
सिर्फ खानापूर्ति की गई
जगदीश चाय वाले से लेकर अनंत सराफ के घर के पास तक सड़क नहीं डाली गई है। पेवर ब्रिक्स के मार्ग को अधूरा ही छोड़ दिया गया है। इसके अलावा चिरोलपुरा में पेयजल की समस्या बनी हुई है। विकास के नाम पर बस खानापूर्ति की गई है।
- अंकुर जैन
......
वार्ड के जुसयाना मुहल्ला में एक सड़क बननी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बीस शौचालयों का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा दो हैंडपंप की जरूरत महसूस की जा रही है। साफ-सफाई, मार्ग प्रकाश व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों ठीक तरीके से हुए हैं।
- सायस्ता बानो, पार्षद
चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
मुख्य मार्ग एवं बाजारों में पसरे अतिक्रमण को हटाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। अगले सप्ताह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यह आए दिन बाजार में जाम की वजह बन जाता है।
राकेश कुमार, अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद ललितपुर।