महरौनी। जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप पर द्वेषपूर्वक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए महरौनी उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ महरौनी ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। जिसमें उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने एवं लेखपाल पर हुई कार्रवाई को रोके जाने की मांग की है। कहा गया है कि लेखपाल जनता से सीधे जुड़ा हुआ रहता है जो कि कठिन परिवेश में गांव-गांव घूमकर शासन की योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करता है। भूमि विवाद, जमीन की पैमाइश, अतिक्रमण हटाने संबंधी कार्य में अनेक लोग उससे रंजिश मान लेते हैं। आरोप लगाया कि लेखपाल उत्कर्षदीप की वास्तविक भूमिका की जांच किए बगैर उन पर झूठी कार्रवाई की गई है, जिससे लेखपाल संघ में आक्रोश है। इस दौरान तहसील अध्यक्ष कुलदीप खरे, विनय ताम्रकार, रवि प्रताप सिंह, संतोष कुमार, अभिषेक शर्मा, निशांत तिवारी, पंकज यादव, रमाकांत मिश्रा आदि लेखपाल मौजूद रहे।
एक दिवसीय हड़ताल से राजस्व कार्य हुए प्रभावित
लेखपाल संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप पर एंटी करप्शन की कार्रवाई के विरोध में लेखपाल शनिवार को हड़ताल पर रहे। हड़पाल पर रहने से राजस्व के कार्य प्रभावित रहे। इसके अलावा उन्होंने समाधान दिवस का बहिष्कार करने की घोषणा की।