ललितपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए वृद्ध जनों को अधिक से अधिक से टीकाकरण की तैयारी की गई है। अब जिला अस्पताल में सोमवार से शनिवार तक 45 वर्ष से अधिक उम्र के बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को वैक्सीन का डोज दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में सोमवार व शुक्रवार को टीकाकरण किया जाएगा।
जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम को कोविड वैक्सीन के डोज लगाए जाने का तृतीय चरण चल रहा है, जिसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के बीमारियों से ग्रसित मरीजों को टीकाकरण किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण वृद्धों में अधिक फैलने की संभावना रहती है। ऐसे में संक्रमण को पूरी तरह से नियंत्रित करने के लिए वृद्धों को अधिक से अधिक संख्या वैक्सीन लगाए जाने के तैयारी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल में दो दिन से बढ़ाकर छह दिन कोविड टीकाकरण करने की व्यवस्था की है। टीकाकरण में वृद्ध रुचि दिखा रहे हैं। लगातार डोल लगवाने की संख्या एक सैकड़ा तक पहुंच गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सीएचसी, पीएचसी और न्यू पीएचसी पर भी टीकाकरण शुरू किया गया है। यहां सोमवार व शुक्रवार को टीकाकरण किया जा रहा है। अब तक ग्रामीण क्षेत्रों समेत शहर में चार हजार से अधिक लोग टीकाकरण करा चुके हैं।
आधार कार्ड साथ लाएं
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व नोडल अधिकारी कोविड टीकाकरण डा. हुुसैन खान ने बताया कि जिला अस्पताल में वृद्धजन अपना आधार कार्ड लेकर कोविन पोर्टल पर डाटा अपलोड कराकर टीकाकरण कराएं। इससे संक्रमण से बचाव कर सकेंगे।
----
जिला अस्पताल में वृद्धों की अधिक भीड़ होने के कारण सत्रों की संख्या बढ़ा दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में दो दिन कोविड टीकाकरण किया जाएगा। - डा. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
------
109 लोगों ने लगवाया कोविड टीका
जिला अस्पताल में कोविड टीकाकरण सेंटर पर शनिवार को तृृतीय चरण के अंतर्गत वैक्सीनेशन किया गया। जहां पर वृद्धों ने टीकाकरण कराए जाने में रुचि ली। सुबह से ही वैक्सीनेशन सेंटर पर लाभार्थियों की भीड़ जुट गई। पहले पंजीयन कराया गया, इसके बाद कोविन पोर्टल पर डाटा अपलोड कराया। डाटा अपलोड होने के बाद टीकाकरण कक्ष में वैक्सीन के बारे में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जानकारी दी गई और टीकाकरण किया। यहां पर एक सत्र में 109 लाभार्थियों को वैक्सीन का पहला डोज दिया गया। 30 मिनट बाद स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद घर जाने दिया।