ललितपुर। जिला मुख्यालय के सीमावर्ती इलाकों व ग्रामीण अंचलों में खनन का अवैध कारोबार जोरों पर चल रहा है। खनन माफियाओं द्वारा नदी, नालों व तालाबों से अवैध तरीके से बालू निकाली जा रही है। गांव में स्थित छोटे-छोटे पहाड़ों व चट्टानों को काट कर मौरंग निकाली जा रही है। इससे राजस्व के साथ-साथ प्रकृति को भी क्षति पहुंच रही है। ऐसा नहीं है खुलेआम हो रहे इस अवैध खनन के कारोबार की जानकारी पुलिस प्रशासन को न हो इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रदेश में सरकार तो बदल गई है, लेकिन जनपद के अधिकारियों व पुलिस प्रशासन का रवैया अवैध खनन कारोबारियों के प्रति वही पुराना वाला है। प्रदेश सरकार सूबे को अवैध खनन मुक्त बनाने के लिए काफी प्रयास कर रही है, लेकिन जनपद में इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। बीते सरकार के कार्यकाल से चल रहा अवैध खनन के कारोबार को अब तक रोका नहीं गया है। जिला मुख्यालय से मात्र चार किलो मीटर की दूूरी पर स्थित कोतवाली क्षेत्र का ग्राम पटौरा कला बीते कई वर्षों से अवैध खनन के नाम पर चर्चाओं में रहा है। कुछ दबंग लोगों ने स्थानीय नेताओं व पुलिस वालों की मदद से ग्राम पटौरा कला में स्थित बड़ी-बड़ी चट्टानों को खोदकर चट्टानों के नामो निशान मिटा दिए हैं।
वर्तमान में भी यह अवैध कारोबार पहले की तरह की फल-फूल रहा है। वहीं गांव के तालाब से भी बड़े स्तर पर खनन जारी है। पटौरा कला में बालू, मिट्टी व मौरंग तीनों का ही अवैध कारोबार चल रहा है। इसके अलावा थाना जाखलौन क्षेत्र में इसमें पीछे नहीं है। क्षेत्र के ग्राम कुमरोला से गुजरने वाली शहजाद नदी में से स्थानीय लोगों द्वारा विगत कई वर्षों से बालू निकाली जा रही है, इसकी जानकारी सभी को है, लेकिन पुलिस प्रशासन की उदासीनता है कि वह अभी तक इस अवैध खनन को देख नहीं सके हैं, तो वर्तमान में भी जारी है। वहीं, थाना जाखलौन क्षेत्र के ही ग्राम दावनी में बालू का चोरी का काम काफी फल-फूल रहा है। इस गांव के लगभग सभी घरों में बड़े पैमाने पर बालू को डंप करके रखा गया है।
इसी तरह ग्राम खिरिया के नाले में से बालू का खनन हो रहा है। थाना बार पुलिस भी क्षेत्र में अवैध खनन के कारोबार को रोकने में असमर्थ है। इस क्षेत्र के ग्राम सेमरा भावनगर से गुजरने वाले सजनाम नदी के पड़रा घाट पर भी बालू चोरी करने का अवैध करोबार बीते कई वर्षों से चल रहा है। सरकार बदलने के बाद भी अभी तक इसको रोका नहीं गया है। जनपद की बेतवा नदी, जामनी, सजनाम व शहजाद व अन्य नदियों में से ग्रामीण इलाकों में भारी मात्रा में बालू का खनन किया जा रहा है। इसके अलावा वन इलाकों, पहाड़ों व चट्टानों को खोदकर मिट्टी व मौरंग का भी अवैध कारोबार किया जा रहा है।
चलाया जाएगा अभियान
कुछ दिनों से जनपद से बाहर आया हूं। जिला मुख्यालय पर पहुंचकर पुलिस बल के सहयोग से क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ छापामारी कार्रवाई की जाएगी और अवैध तरीके से डंप की गई बालू को जब्त किया जाएगा। साथ ही अवैध कारोबारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-अरविंद कुमार
जिला खनिज अधिकारी, ललितपुर।