ललितपुर। शहर के वीर सावरक र चौराहे के पास नगर पालिका की सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण करके अवैध तरीके से निजी कॉमर्शियल कांपलेक्स भवन का निर्माण फिर शुरू हो गया है। प्राधिकरण शिकायत के आधार पर दो बार इसे रोक चुका है। लेकिन निर्माण कार्य कराने वाले पर इसका असर नहीं पड़ा है। अवैध निर्माण से स्थानीय लोगों व राहगीरों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भवन स्वामी द्वारा विनियमित प्राधिकरण विभाग से मानचित्र भी स्वीकृत नहीं कराया गया है।
शहर में अवैध तरीके से हो रहे निर्माण कार्यों पर जिम्मेदार विभाग के अधिकारी रोक नहीं लगवा पा रहे हैं। शहर के कई स्थानों पर सार्वजनिक सड़कों, गालियों, नाले-नालियों पर अवैध तरीके से निर्माण कर लिए गए हैं, यह सिलसिला अभी भी जारी है। हाल ही में शहर के बीचोंबीच स्थित मुख्य चौराहा वीर सावरकर चौक के पास से सरायपुरा की ओर जाने वाली गली में बिना मानचित्र स्वीकृति के एक व्यक्ति द्वारा पुराने भवन को तोड़कर कॉमर्शिलय कांपलेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा भवन स्वामी द्वारा नगर पालिका के सार्वजनिक रास्ते पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों व राहगीरों की आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा इस मामले में नगर पालिका व प्राधिकरण विभाग द्वारा शिकायत भी की गई लेकिन निर्माण कार्य पर रोक नहीं लग सकी है। यह अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी है।
अवैध निर्माण के आगे अधिकारी नाकाम
विगत एक सप्ताह पूर्व मुहल्ले के ही एक युवक ने नगर पालिका को शिकायती पत्र देकर सार्वजनिक सड़क पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने की मांग की गई थी। इस पर नगर पालिका द्वारा मौके पर पहुंच कर अवैध निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया था, लेकिन कार्य फिर से चालू कर दिया गया। वहीं स्थानीय लोगों की शिकायत पर प्राधिकरण विभाग के अवर अभियंता ने भी मौके पर पहुंचकर दो बार निर्माण निर्माण कार्य को रुकवाया गया, लेकिन निर्माण कार्य करा रहे व्यक्ति द्वारा प्रशासन को ठेंगा दिखते हुए लगातार निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस को नहीं दी गई सूचना
शहर में हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने के बाद प्राधिकरण विभाग द्वारा पुलिस को लिखित सूचना दी जाती है, ताकि दुबारा काम न हो सके। यदि इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं रुकता है, तो पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई भी कर सकती है। लेकिन प्राधिकरण विभाग द्वारा निर्माण कार्य रुकवाने के बाद भी अभी तक पुलिस को सूचित नहीं किया गया है।
भवन स्वामी द्वारा वर्ष 2011 में करीब चार दुकानों के निर्माण के लिए मानचित्र स्वीकृत कराया गया था। स्वीकृत मानचित्र की अविधि समाप्त हो चुकी है। स्थानीय लोगों द्वारा इस संबंध में शिकायत की गई थी, जिस पर दो बार निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। यदि निर्माण कार्य जारी है तो दोबारा उसको रुकवाया जाएगा।
एसके प्रजापति
अवर अभियंता विनियमित प्राधिकरण