तालबेहट। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रही नगर की जनता की समस्या के निदान के लिए बैठक हुई। इसमें निष्कर्ष निकला कि नगर पंचायत से पैसा मिल जाए तो जल संस्थान पाइप लाइनों की मरम्मत करा देगा और पेयजल आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
शनिवार को उपजिलाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मौजूद लोगों ने अपनी परेशानियां रखीं। गौतम मोदी ने जल आपूर्ति का समय निश्चित न होने की बात कही। संजय बट्टा ने कहा कि उनके मोहल्ले में नई पाइप लाइन डलने के बाद भी पानी नहीं पहुंच रहा है। अंजनी नगर से आए लोगों ने हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग की। उपजिलाधिकारी ने नगर में रिबोर होने वाले व मरम्मत वाले हैंडपंपों की सूची सोमवार तक जल संस्थान से मांगी है, जिससे उनकी मरम्मत का कार्य मंगलवार से शुरू हो सके।
उपजिलाधिकारी ने जल संस्थान के अवर अभियंता जीके तिवारी से पेयजल संकट निदान के बारे में उनका पक्ष जानना चाहा। इस पर उनका कहना था कि नगर में पानी की लाइनों की मरम्मत करने एवं पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए लगभग एक लाख रुपये की आवश्यकता है। जो नगर पंचायत से लेना है, परंतु नगर पंचायत ने अभी तक पैसा नहीं दिया है। इस पर एसडीएम ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से फोन पर बात कर पैसे के लिए नगर पंचायत को पत्र लिखने के लिए कहा। अधिशासी अभियंता ने सोमवार को नगर पंचायत के लिए पत्र लिखने की बात कही।
एसडीएम ने कहा कि नगर में पेयजल संकट के लिए लोग उन्हें या नगर पंचायत के अधिशसी अधिकारी को अवगत करा सकते हैं। नगर पंचायत से कहा कि पानी संकट से जुझ रहे मुहल्लों में पानी के टैंकर प्रमुखता एवं अधिक मात्रा में भिजवाएं।
बैठक में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सोनी, वरिष्ठ लिपिक विनोद तिवारी, पार्षद सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।