बछलापुर पुलिस ने शिकारियों के पास से बरामद शिकार करने का सामान
- फोटो : LALITPUR
पाली / ललितपुर। थाना पाली के अंतर्गत ग्राम बछलापुर में वन्य जीवों का शिकार करते एक आरोपी को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस ने मौके से वन्य जीवों को पकड़ने के उपकरण व दो बाइक बरामद की है। आरोपी के कब्जे से लोमड़ी, जंगली बिल्ली और सियार का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसआई बृजेश कुमार शनिवार की देर रात क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे कि मुखबिर से सूचना पर ग्राम बछलापुर में कुछ लोगों द्वारा जंगल में शिकार करने की जानकारी मिली। उन्होंने वन्य अधिकारियों को जानकारी दी और पुलिस बल के साथ उक्त स्थान पर पहुंचे। जहां देखा कि पांच व्यक्ति कुछ वन्य प्राणियों का शिकार करके मांस व शव को मोटरसाइकिल पर लादकर जा जाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस बल को देखकर वह भागने लगे, जिसमें एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल के पास ही पकड़ लिया। दूसरा व्यक्ति मोटरसाइकिल से जंगलों की ओर भाग गया।
पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम शंकर पुत्र गंगाराम बताया। तलाशी में उसके पास एक बोरी में आठ अदद खटक जाल, एक खंता, मोटरसाइकिल एवं एक बोरी बंधी मिली। बोरी खोलने पर उसमें एक लोमड़ी मृत, एक वन विलाव (जंगली बिल्ली), एक कुतिया भूरा रंग और दूसरी मोटरसाइकिल पर बोरी में एक लोमड़ी व सियार मृत अवस्था में मिले। पकड़े गए व्यक्ति ने भागे हुए व्यक्ति का नाम गोवर्धन पुत्र सुरजन ग्राम धौर्रा बताया। बरामद वन्य जीवों के बारे में बताया कि वह लोग वन्य प्राणियों का शिकार करके उनका मांस व खाल ऊंचे दामों पर बेचते हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से शिकार करने में बरामद उपकरण व मोटरसाइकिल को जब्त किया गया और एसआई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ पाली पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
बछलापुर में शिकार के बाद मृत पड़े जानवर- फोटो : LALITPUR
बछलापुर पुलिस ने शिकारियों के पास से बरामद दो पहिया वाहन- फोटो : LALITPUR