संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चिटफंड कंपनी एलयूसीसी (लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी) में निवेश कर अपनी जमा पूंजी गंवा चुके लाखों निवेशकों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। निवेशकों की धनराशि वापस दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए मेरठ मंडल के संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता ने सार्वजनिक सूचना जारी कर रिफंड दावा आवेदन पत्र और संबंधित दस्तावेज मांगे हैं।
एलयूसीसी ने आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर जिले के लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए थे। शिकायतों के आधार पर 2024 से अब तक जिले के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए। मामले की जांच के लिए एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने जिला स्तरीय एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने मुख्य संचालकों समेत 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की चल-अचल संपत्तियां भी कुर्क की गईं। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ जमानत पर रिहा हो चुके हैं, जबकि कई अब भी जेल में बंद हैं। मुख्य संचालक समीर अग्रवाल दुबई में बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया जा चुका है और रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया चल रही है।
अब निवेशकों की धनवापसी की प्रक्रिया शुरू की गई है। मेरठ मंडल के संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता द्वारा जारी सूचना के अनुसार 15 जून से 14 अगस्त 2026 तक निवेशकों से दावा आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं। निवेशक निर्धारित प्रारूप में आवेदन ऑनलाइन अथवा व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं।
निवेशकों को निवेश संबंधी रसीदें, सदस्यता विवरण, पहचान पत्र, बैंक खाते की जानकारी तथा अन्य आवश्यक अभिलेख आवेदन के साथ प्रस्तुत करने होंगे। प्राप्त प्रपत्रों का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस ने भी निवेशकों से समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है।
-
ईडी ने तीन दिन तक की थी पड़ताल
एलयूसीसी प्रकरण की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली भी कर रही है। करीब 15 राज्यों के लगभग 30 लाख निवेशकों से हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में ईडी की टीम हाल ही में तीन दिन तक जिले में रुकी थी। टीम ने पुलिस से संबंधित अभिलेख प्राप्त किए और दर्ज मुकदमों के विवेचकों व वादियों से भी जानकारी जुटाई।
जिले में एलयूसीसी का नेटवर्क
22 शाखाएं संचालित थीं जिले में
13,98,803 निवेशकों ने किया था निवेश
540.12 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जमा कराई गई
256.39 करोड़ रुपये से अधिक निवेशकों की राशि अभी बकाया
दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
35 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं
मुख्य संचालक समीर अग्रवाल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
एलयूसीसी में निवेश कर धनराशि गंवा चुके निवेशकों की रकम वापसी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए मेरठ स्थित निबंधन कार्यालय ने सार्वजनिक सूचना जारी की है। 15 जून से 14 अगस्त के बीच निवेशकों से रिफंड दावा आवेदन मांगे गए हैं। निवेशक अपने निवेश से संबंधित सभी दस्तावेज आवेदन के साथ जमा करें।
मोहम्मद मुश्ताक, एसपी