कोतवाली महरौनी के ग्राम पठा में सोलर पावर प्लांट के लगे बिजली के खंभों की पुताई करते समय मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। मजदूर को जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसको झांसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर सोलर पावर प्लांट में तोड़फोड़ कर एक गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर महरौनी पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों पर काबू पाया।
महरौनी कोतवाली के ग्राम अंडेला निवासी जितेंद्र रजक (25) पुत्र बृजभान रजक करीब एक माह से तीन अन्य मजदूरों के साथ सोलर पावर प्लांट से महरौनी की और डाली गई लाइन पर लगे खंभों की पुताई कर रहा था। मंगलवार दोपहर जब जितेंद्र अपने चचेरे भाई सोनू के साथ ग्राम पठा विजयपुरा में सिंदवाहा चौराहा के पास खंभों की पुताई कर रहा था। तभी पास से निकली 11000 वोल्टेज की लाइन ने युवक को खींच लिया। करंट लगने से युवक खंभे से नीचे जा गिरा। यह देख लोगों ने यूपी 100 व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना देने के करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस ग्राम पठा पहुंची और झुलसे युवक को आननफानन में जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मजदूर की हालत नाजुक देखते हुए झांसी को रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और करीब दो सौ लोगों ने एकत्रित होकर सोलर पावर प्लांट के पास चक्कर जाम कर नारेबाजी करते हुए प्लांट में घुस गए और तोड़फोड़ करने लगे। हंगामे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाकर हंगामा शांत कराया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाने के लिए जब कंपनी से गाड़ी की मांग की गई, तो उन्होंने मना कर दिया, जिससे ग्रामीण उत्तेजित हो गए।