झांसीपुरा की पांच गलियों में सड़कें तक नहीं, पाइपलाइन बिछाने की वजह से कई सड़कें क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगरपालिका परिषद के वार्ड नंबर पांच झांसीपुरा में हाईटेंशन लाइन की समस्या लंबे समय से जस की तस है। वार्ड में लगभग 25 घरों के ऊपर हाईटेंशन लाइन के तार झूल रहे हैं। इससे यहां रहने वाले लोग दहशत में जी रहे हैं। वहीं, वर्तमान में पाइपलाइन बिछाने की वजह से सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। यही नहीं, वार्ड की पांच गलियों में सड़कें नहीं बनी हैं। ऐसे में आवागमन की समस्या बनी हुई है।
वार्ड पांच के मोहल्ला घुसयाना में हाईटेंशन लाइन के तार कई जगह पर तो नीचे लटक रहे हैं। इस वजह से लोग छतों पर नहीं जा पा रहे हैं। रात में घरों के बीच तारों के गिरने से खतरा बना हुआ है। हालत यह है कि सर्दी के मौसम में भी लोगों का छत पर चढ़ना नामुमकिन है। हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर होने के बाद भी विभाग के अधिकारी इसका सुध नहीं ले रहे हैं। वहीं, पिसनारी-घुसयाना मार्ग भी खस्ताहाल में पड़ा हुआ है। इसकी मरम्मत नहीं हो पा रही है। वाहनों के आवागमन से रास्ते में धूल के गुबार से लोग परेशान होते हैं।
पांच गलियों में नहीं है सड़क
ढ़ाई वर्ष पहले वार्ड की 12 गलियाें में सड़क नहीं थी। सात गलियों में सीसी सड़क का निर्माण किया गया लेकिन पांच गलियां अब भी कच्ची हैं। सड़क ठीक न होने से करीब 18 परिवार के लोग आवागमन के लिए परेशान होते हैं। वहीं, कुछ जगह अतिक्रमण होने के चलते लोगों को घूमकर आना-जाना पड़ता है।
लंबे समय से बंद पड़ा पुस्तकालय
झांसीपुरा में जेल चौराहे के सामने स्थित बौद्ध पुस्तकालय बना हुआ है। इसमें कई धार्मिक और अन्य किताबें रखी हुई हैं लेकिन वर्तमान में यह पुस्तकालय अनदेखी की भेंट चढ़ गया है। यहां ताला जड़ा रहने से सफाई नहीं हो पा रही है। यही नहीं, प्रवेश मार्ग पर लगा गेट और दीवार तक क्षतिग्रस्त हैं।
आंबेडकर पार्क बदहाल, न रोशनी की व्यवस्था न ही बैठने के लिए बेंच
ब्याना नाला के किनारे स्थित आंबेडकर पार्क बदहाल पड़ा हुआ है। इसके चारों ओर दीवार है, जो एक ओर क्षतिग्रस्त हो गई है। इसमें साफ-सफाई के अभाव में झाड़ियां खड़ी हुई हैं। फव्वारा क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है। यही नहीं, हद तो तब हो गई, जब सड़क किनारे होने के बाद भी इसमें बैठने के लिए एक बेंच तक नहीं है। वहीं, प्रकाश की सुविधा के लिए लाइटें तक नहीं लगी हुई हैं।
वर्जन
वार्ड में अब तक 12 गलियों में से सात में सड़क का निर्माण कराया गया है। आंबेडकर पार्क की मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव दिया गया है। पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी जा रही सड़कों की वजह से अभी परेशानी हो रही है। - जानकी प्रसाद, सभासद