कक्षा एक से तीन के बच्चों के अधिगम स्तर का करेंगे आकलन
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में डीएलएड के प्रशिक्षु निपुण आकलन करेंगे। इसके लिए प्रशिक्षुओं की टीमें गठित की जाएंगी और एक टीम एक दिन में दो विद्यालयों का आकलन करेगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में 1357 परिषदीय विद्यालयों में 1.40 लाख बच्चे हैं। निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कई प्रकार की शैक्षिक गतिविधियां विद्यालयों में संचालित की जा रही हैं। निपुण भारत मिशन के तहत एक से तीसरी कक्षा तक अध्ययनरत बच्चों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने और उस कक्षा के अनुरूप स्तर पर लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कक्षा एक से तीन के पाठ्यक्रम के अनुसार गणित और हिंदी की आधारशिला क्रियान्वयन बुकलेट विकसित कर शिक्षकों को उपलब्ध कराई गई है। इससे बच्चों के शिक्षा स्तर को मजबूत किया जा सके।
टीएलएम सामग्री के जरिये बच्चों का शिक्षण कार्य कराया जाता है। निपुण लक्ष्य एप पर किए जाने वाले मूल्यांकन परिणाम का डाटा तैयार किया जाएगा और इसे विद्यालयों के शिक्षकों के साथ साझा किया जाएगा। मूल्यांकन की रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और डायट प्राचार्य को प्रेषित की जाएगी। 75 प्रतिशत अंक पाने वाले बच्चे निपुण छात्र घोषित होंगे। शासन के निर्देश पर जनपद में इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि विद्यालयों का निपुण मूल्यांकन कराने की तैयारी की जा रही है। डीएलएड प्रशिक्षु निपुण एप के जरिये विद्यालयों में जाकर मूल्यांकन करेंगे।