संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महरौनी और मड़ावरा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा हेलीपैड का निर्माण एक करोड़ से अधिक लागत से किया जाएगा। जबकि पुलिस लाइन में हेलीपैड का विस्तारीकरण किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कई बार मुख्यमंत्री समेत अन्य वीवीआईपी के आने पर भी हेलीपैड की आवश्यकता को देखते हुए यह हेलीपैड का निर्माण किए जाने की योजना है। यह विकास कार्य के क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी और आपातकालीन सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हेलीपैड निर्माण का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। इसके लिए शासन से बजट भी जारी हो गया है और लोक निर्माण विभाग ने निर्माण की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
महरौनी तहसील अंतर्गत क्षेत्र में हेलीपैड का निर्माण 50 लाख रुपये की लागत से किया जाना है। जबकि मड़ावरा तहसील अंतर्गत ग्राम सतवांसा में हेलीपैड का निर्माण 51.80 लाख रुपये की लागत से किया जाना है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर होने के बाद यह कार्य विभाग द्वारा दो माह में किया जाना है। वहीं शहर के पुलिस लाइन में भी हेलीपैड का विस्तारीकरण का कार्य किया जाना है। यह कार्य 15.70 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके लिए भी विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर के बाद जल्द ही निर्माण शुरू किए जाएंगे।
-
महरौनी और मड़ावरा क्षेत्र में हेलीपैड का निर्माण किया जाना है। पुलिस लाइन में भी हेलीपैड का विस्तारीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। टेंडर होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।-रोहित त्रिपाठी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग।