फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि, खंभे टूटे, बिजली गुल

विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर-तालबेहट-महरौनी। शनिवार शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं महरौनी, देवरान और बस्त्रावन सहित ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि से किसान जायद की फसल को लेकर चिंतित नजर आए।
विज्ञापन

इस दौरान रोड़ा स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र के तालबेहट फीडर की लाइन में फाल्ट आने से कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। विभागीय कर्मी लाइनों में आए फाल्ट को खोजने में जुटे रहे। तालबेहट ब्लॉक के ग्राम नत्थीखेड़ा के मजरा लक्ष्मनपुरा में गाज गिरने से तीन भैंसें मर गईं।



विगत तीन दिनों से मौसम में बदलाव दिख रहा था। शुक्रवार देर शाम जाखलौन व धौर्रा सहित शहर में बूंदाबांदी हुई थी, लेकिन शनिवार को सुबह से छाए बादल शाम करीब छह बजे तेज हवाओं के साथ बरस पड़े। करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जहां कई इलाकों में बिजली की लाइनों में फाल्ट आने से सप्लाई ठप हो गई, वहीं आम जनजीवन प्रभावित रहा। तालबेहट प्रतिनिधि के अनुसार आंधी और तेज बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। अब भी किसानों की फसलें खेतों में खड़ी हैं। मजदूर नहीं मिलने से कटाई प्रभावित है। जबकि, कई किसानों का भूसा खेताें में पड़ा है, जो पानी में भीग गया।
विज्ञापन

बार ब्लॉक के कस्बा व देवरान में हुई ओलावृष्टि से किसान परेशान नजर आए। मड़ावरा प्रतिनिधि के अनुसार आंधी पानी से क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। किसान खेतों में कटी पड़ी फसल को सुरक्षित करने में जुट गए। जखौरा प्रतिनिधि के अनुसार आंधी और बूंदाबांदी से किसान अपने खेतों में रात में फसल उठाते दिखे। महरौनी प्रतिनिधि के अनुसार शाम करीब सात बजे तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश व ओले गिरने लगे। सड़कों और खेतों में ओले बिछ गए, इससे किसान जायद की फसल खराब होने की आशंका जता रहे हैं। वहीं क्षेत्र की बिजली गुल हो गई।


दो स्थानों पर गिरी गाज
तालबेहट। तेज हवा के चलते ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम गढ़िया में सड़क किनारे लगा ट्रांसफॉर्मर खंभे सहित गिर गया, इसके तारों की चपेट में आने से कई पेड़ गिर गए और क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। इसी दौरान देवरान जा रहे नायब तहसीलदार घनेंद्र तिवारी, राजस्व कर्मचारियों और पुलिस जवानों ने जब पेड़ों को बीच सड़क पर पड़ा देखा तो उन्हें सड़क से हटा कर रास्ता साफ कराया। तालबेहट क्षेत्र में भी कई जगह तेज आंधी में पेड़ टूटने से बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूराकलां अंतर्गत ग्राम नत्थीखेड़ा के मजरा लक्ष्मनपुरा निवासी हरीकिशन के मकान के पीछे गाज गिरने से उनकी एक भैंस मर गई। शुक्र था कि समीप कमरे में मौजूद बच्चे बाल-बाल बच गए। ग्राम सभा खांदी के मजरा बंदेसरा में प्रसन्न यादव के मकान पर गाज गिरने से उनकी दो भैंसों की मौत हो गई।


बारिश से हुए नुकसान का सर्वे कराने के लिए राजस्व कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। नुकसान की रिपोर्ट आने के बाद उसे शासन को भेजा जाएगा। -निशांत तिवारी, एसडीएम तालबेहट।





शहर में दो घंटे रही सप्लाई ठप

आंधी-पानी के चलते आए फाल्ट के कारण करीब दो घंटे तक पूरा शहर अंधेरे में डूबा रहा। रात करीब 8.45 बजे सप्लाई बहाल हो सकी। रोड़ा 132 केवी उपकेंद्र से तालबेहट की लाइन में फाल्ट आने से पूरी सप्लाई बंद कर दी गई थी, इसके बाद तालबेहट की सप्लाई काटकर शहर की लाइन जोड़ दी गई।




करीब 20 फीसदी फसलें खेत में कटी पड़ीं


रबी की फसल को किसानों ने काट तो लिया, लेकिन अब भी करीब 20 फीसदी फसलों में गेहूं व अन्य फसलें पड़ी हैं, जिसको लेकर किसान चिंतित हैं। यदि और बारिश हुई तो ज्यादा नुकसान हो सकता है।
-
अगले दो-तीन वज्रपात व भारी वर्षा का अनुमान, रहें सचेत


ललितपुर। अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्वानुमान के अनुसार आगामी एक-दो दिनों में तेज हवाएं, वज्रपात एवं वर्षा हो सकती है। पशुपालकों व किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसल को सुरक्षित कर लें। खेतों में कटी फसल न छोड़ें। बिजली के तारों के नीचे गेहूं के गट्ठर न रखें। पशु चारे व भूसा आदि को ढक कर रखें। गेहूं क्रय केंद्र आदि पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए फसल सुरक्षित रखे जाएं। वज्रपात के दौरान पक्के भवन में शरण लें, नदी व तालाबों के किनारे, एकल वृक्ष और बिजली के खंभों के पास न जाएं। विशेष रूप से बच्चों का ध्यान रखें कि वे नदी अथवा तालाब/जलाशयों में नहाने न जाएं, दामिनी एवं सचेत एप से जानकारी लेकर सावधानी बरतें। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें