संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोतवाली सदर की चौकी सिविल लाइन क्षेत्र जिला अस्पताल परिसर में स्थित नर्सिंग हॉस्टल में निवासरत व जिला महिला अस्पताल में तैनात नर्स की मां के साथ उसके ही दामाद द्वारा मारपीट कर अपनी छह माह की पुत्री को उठाकर ले जाने की घटना को चार दिन बीत गए। लेकिन पुलिस न तो आरोपी का सुराग लगा पाई और न ही छह माह की बच्ची का पता लगा पाई है। जबकि एसपी ने कोतवाली पुलिस सहित एसओजी, सर्विलांस टीम को बच्ची को सकुशल खोजते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए लगाया था।
शहर के मोहल्ला सिविल लाइन क्षेत्र स्थित जिला महिला अस्पताल में पूजा मिश्रा नर्स के पद पर कार्यरत है। वह अस्पताल परिसर में बने नर्सिंग हॉस्टल में अपनी मां उमलेश रानी व छह माह की पुत्री नीति मिश्रा के साथ आवास में रहती है। 9 अप्रैल की सुबह पूजा मिश्रा का पति सुशील निवासी लखनऊ आया और पूजा की मां के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करते हुए अपनी छह माह की पुत्री नीति मिश्रा को लेकर भाग गया था।