ललितपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव हो गया है। अब बीस की जगह सोलह सितंबर को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित हो गया है। भ्रमण कार्यक्रम बदले जाने के पीछे पंचायत चुनाव की आचार संहिता एक प्रमुख वजह मानी जा रही है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का भ्रमण कार्यक्रम बीस सितंबर को प्रस्तावित किया गया था, जिसमें अब संशोधित कर दिया गया है। नए प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सोलह सितंबर को आ सकते हैं। इस दौरान तहसील अंतर्गत ग्राम चिगलौआ (बुरौगांव) में बजाज पावर प्रोजेक्ट की यूनिट का निरीक्षण व शुभारंभ किए जाने का कार्यक्रम है। कार्यक्रम में आए बदलाव को ध्यान में रखकर जिले के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण करने के मकसद से बारह सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अचानक बदलाव के पीछे पंचायत चुनाव की आचार संहिता प्रमुख वजह मानी जा रही है। जानकारों का कहना है कि 17 सितंबर के आसपास पंचायत चुनाव की आचार संहिता लग सकती है। इन स्थितियों में कार्यक्रम खटाई में पड़ सकता था। शायद इसे ध्यान में रखकर ही कार्यक्रम को संशोधित किया गया है।
अधिकारियों की छुट्टी हुई रद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सोलह सितंबर तक जनपदस्तरीय अधिकारी बिना पूर्वानुमति के अवकाश व मुख्यालय से बाहर नहीं जाएंगे। यदि पूर्व से कोई अधिकारी अवकाश पर है तो उनके अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाते हैं। उन्होंने समस्त कार्यालयाध्यक्षों से अपने मोबाइल आन रखने के निर्देश दिए हैं।