बार। शुक्रवार की रात थाना बार पुलिस ने हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही शराब की 220 पेटियां बरामद की हैं। जिस पिकअप गाड़ी से शराब लाई जा रही थी, वह गाड़ी पलट गई और ड्राइवर अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।
थाना बार पुलिस रात में वाहन चेकिंग कर रही थी। पीआरबी वैन 2601 और 2602 ने सूचना दी कि एक पिकअप, जो बानपुर रोड से बार की तरफ तेज गति से भाग रही है। वह संदिग्ध नजर आ रही है, उस पर ध्यान दें। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बार निग्वेंद्र सिंह ने अपने हमराहियों के साथ पिकअप वैन की घेराबंदी की। वह बानपुर मार्ग से आती दिखाई दी, उन्होंने रोकना चाहा तो चंदनवन पुलिया के पास तेज गति से दौड़ने लगी। लेकिन, थोड़ी दूर जाकर केवड़ा वन के पास पलट गई। उसका ड्राइवर और अन्य लोग कूदकर चंदनवन पहाड़ की ओर भाग गए।
पुलिस ने पहुंचकर पिकअप गाड़ी संख्या (यूपी 93 बी टी 8606) के पास जाकर देखा तो होश उड़ गए, क्योंकि वाहन में 220 पेटी हरियाणा निर्मित देसी अवैध शराब भरी हुई थी। इसकी कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है। अवैध शराब पकड़ने में उपनिरीक्षक मुलायम सिंह, उमेश पटेल, धर्मेंद्र, छत्रपाल सिंह, पूरनलाल, कांता प्रसाद आदि शामिल रहे।
थाना बार पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिकअप को रोका, जिस पर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। जांच करने पर पिकअप से हरियाणा की अवैध शराब बरामद हुई है, इसकी जांच की जा रही कि शराब कहां से आई और कहां जा रही थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक