ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम डोंगराकलां में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक द्वारा आत्महत्या करने से पूर्व उसी कमरे में दीवार पर कोयला से एक पुलिस कर्मी और कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लिखे मिले हैं। जानकारी मिलने पर नाराहट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
ग्राम डोंगराकलां के मोहल्ला हुरयापुरा निवासी रामू कुशवाहा (30) पुत्र हल्के कुशवाहा रात में साढ़े दस बजे तक परिजनों के साथ ही था। सुबह जब उसके पुत्र राजा व राज पिता के लिए चाय लेकर कमरे में गए तो उसके पिता ठाठ की म्यारी (लकड़ी)पर रस्सी से फांसी के फंदे पर लटक रहा था। जिस पर बच्चों ने अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिस पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर देखा शव के पीछे दीवार पर युवक और एक पुलिस कर्मचारी का नाम लिखा मिला, जिन्हें मौत का जिम्मेदार बताया है। साथ ही दीवार पर यह भी लिखा है कि सात सितंबर 2010 से उसे रोका है और 20 हजार रुपए मोबाइल भी छीन लिया है और मुझे मारा है। इसके बाद एक व्यक्ति का नाम भी लिखा है। परिजनों ने तत्काल इसकी जानकारी नाराहट पुलिस को दी, नाराहट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतरवाया और आरोपों से संबंधित लिखावट के साक्ष्य संकलित किए। वहीं, मृतक के बड़े भाई श्रीराम ने बताया उसके भाई ने आत्महत्या करने से पहले दीवार पर कोयला से सोसाइड नोट लिखा है, जिसमें एक महिला के लड़का और एक पुलिस वाले पर आरोप लगाया है। उसमें बीस हजार रुपये और मोबाइल भी छीनने की बात लिखी है। मृतक के दो पुत्र हैं और वह खेती बाड़ी करता था।
यह मामला संज्ञान में आया है। उक्त मामले की राजपत्रित अधिकारी से जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।