ललितपुर। विश्व दिव्यांग दिवस पर शहर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कोरोना के प्रति जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, कलेक्ट्रेट सभागार में योजानाओं की जानकारी देकर ट्राई साइकिल वितरित की गईं।
बृहस्पतिवार को विश्व दिव्यांग दिवस पर कलक्ट्रेट सभागार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि दिव्यांगों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना इसका मकसद है। उनके हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि समाज में दिव्यांगजन की स्थिति चुनौती पूर्ण है। यदि दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो व्यक्ति इस कठिनाई पर विजय प्राप्त कर सकता है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी पियूषचंद्र राय ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांग पेंशन योजना के पात्र को प्रतिमाह पांच सौ रुपये दी जाती है। जिले में 5807 दिव्यांगजन पेंशन पा रहे हैं। कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण योजना के पात्राें को वांछित उपकरण ट्राईसाईकिल, व्हील चेयर, सीपी चेयर, वैसाखी, छडी, एडीएल आदि से लाभान्वित किया जाता है। दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना से दिव्यांग नवदंपत्ति में वर के दिव्यांग होने पर 15 हजार रुपये व वधू अकेले होने पर 20 हजार रुपये और वर-वधू दोनों के दिव्यांग होने पर 35 हजार रुपये दिए जाते हैं। अंत में दिव्यांगजनों को फूल माला पहनाकर ट्राईसाईकिल वितरित की गई।
दिव्यांगों ने निकाली कोरोना जागरूकता रैली
दिव्यांगजनों ने शहर में कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर बचाव के लिए जागरूकता रैली निकाली। रैली को जिलाधिकारी ने हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। रैली तुवन चौराहा होते हुए घंटाघर, शनिचर चैराहा से कलेक्ट्रेट में समाप्त हुई। इस दौरान कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय विकलांग पार्टी ने मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
ललितपुर। राष्ट्रीय विकलांग पार्टी ने मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि जनपद में दिव्यांग कम शिक्षित हैं। उनके लिए बाजार में रोजगार को स्थान दिया जाए। रोजगार के लिए पान की दुकान, चूड़ी की दुकान अन्य प्रकार की दुकानें उपलब्ध कराई जाए। रेलवे में रियायती यात्रा बहाल की जाए। जिला स्तर व ब्लॉक स्तर पर सोमवार को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह राजपूत, मुकेश सिंह, रामलाल, विजय, संजय साहू, वीर सिंह, बालकिशन, राजकुमारी, कमल आदि के हस्ताक्षर बने हैं।
सभी दिव्यांगों को आवास दिए जाएं
ललितपुर। राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन ने दिव्यांगों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत दिव्यांगों को शौचालय का निर्माण कराया जाए। साथ ही सभी को आवास दिए जाएं। यातायात पुलिस द्वारा हो रहे दिव्यांगों के चालान को रोका जाए। ऋण मुक्त ब्याज दिया जाए। जिससे रोजगार मिल सके। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष इमरान खान, बबलू कुशवाहा, हरिराम, सालिक राम, राजू अहिरवार, सिया कुशवाहा, हल्के राजपूत, शिल्पी, कल्यानसिंह, नरेंद्र कुशवाहा आदि के हस्ताक्षर बने हैं।