तालबेहट (ललितपुर)। सोमवार को उपजिलाधिकारी रत्नाकर मिश्र ने विकास खंड तालबेहट अंतर्गत ग्राम जमालपुर में चौपाल लगा कर जनता की समस्याओं को सुना। उन्हें पेयजल की गंभीर समस्या मिली।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे अधिकांश हैंडपंप खराब है। जो कार्य कर रहे हैं, उनमें भी काफी कम मात्रा में पानी आ रहा है। गांव में पेयजल का संकट आने वाले दिनों में और गहराएगा, जिसके निदान के लिए अभी से ग्रामीणों ने टैंकरों की व्यवस्था करने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के न आने से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं रहती है और न ही उनका इनका लाभ मिल पाता है। ग्राम पंचायत अधिकारी के सूचना के बाद उपस्थित न मिलने पर उपजिलाधिकारी ने काफी नाराजगी जताई। उन्होंने उसके खिलाफ उच्चाधिकारियों को लिखने की बात कही। निरीक्षण के दौरान उनके सहायक प्रवीण प्रधान, ग्राम प्रधान पार्वती, लेखपाल श्रीचंद्र यादव सहित ग्रामीण उपस्थित रहें।