ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोगान में सूखी नहर में मिले अधजले शव के मामले में बानपुर पुलिस ने दो नामजद हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक गोविंदी का गांव के ही अशोक पाल के भाई से विवाद हो गया था, इसी वजह से उसका अपहरण करके कुुल्हाड़ी से गर्दन काटकरी हत्या कर दी गई।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम मोगान में बीते 16 दिसंबर को सूखी नहर में अधजले पड़े मिले शव की शिनाख्त मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला अंतर्गत ग्राम रामनगर खेवड़ा निवासी विट्टी उर्फ गोविंदी (25 वर्ष) के रूप में की गई थी। इसके बाद मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर बानपुर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों घन्सू पाल, कन्नू पाल, अकेश चढ़ार, जग्गा यादव व अशोक पाल के खिलाफ हत्या, अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू कर दी थी। इस मामले में अब बानपुर पुलिस ने दो आरोपियों घन्सू पाल उर्फ लखन व अंकेश उर्फ अंकित चढ़ार को गिरफ्तार कर लिया है।
-----------
ऐसे दिया घटना का अंजाम
पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने बताया कि गोविंदी ने घन्सू पाल के भाई अशोक पाल से गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी थी। जिसकी सूचना रवेंद्र उर्फ जग्गा यादव ने घन्सू पाल को दी। इस पर वह सीडी डॉन मोटरसाइकिल से आया तो रास्ते में तीसरा आरोपी अशोक चढ़ार मिल गया, जिसे लेकर गुलाब यादव की गुमटी के पास आए, जहां पर रवेंद्र उर्फ जग्गा मिला। तब घन्सू पाल, रवेंद्र व अंकेश जबरदस्ती गुुविंदी को अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर केके पटेल के प्लाट पर ले गए। इसके बाद रात करीब नौ बजे ऋषि यादव ने शराब का इंतजाम किया और सभी ने मिलकर शराब पी। इसके बाद इन लोगों ने मिलकर गोविंदी के साथ मारपीट की और उसे एक टपरिया में ले गए तथा कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी। जबकि अंकेश ने बाहर सड़क पर खड़े होकर निगरानी की। इसके बाद सभी ने उसका शव कंबल में लपेटकर ककड़ारी व मोगान की सूखी नहर में फेंक दिया और शव पर पेट्रोल डालकर आग लगाकर भाग गए थे।
----------
ग्राम मोगान में अधजले शव के मामले में दो आरोपियों को गाइयाघाट के पास से गिरफ्तार किया गया है। शीघ्र ही अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ में ऋषि यादव का नाम भी सामने आया है।
राजकुमार यादव, थानाध्यक्ष बानपुर।