तालबेहट (ललितपुर)। रविवार को वीआईपी ड्यूटी के लिए कानपुर से आए सीओ के
गनर की खुद की ड्यूटी कारबाइन से गोली चलने से मौत हो गई। यह घटना कोतवाली
क्षेत्र स्थित एक ढाबे पर हुई।
रविवार को मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं
के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के लिए कानपुर पुलिस लाइन के सीओ
जगदीश सिंह की ड्यूटी लगी थी। उनके साथ गनर अरुण कुमार पुत्र लक्ष्मी
नारायण निवासी ग्राम बाबरपुर थाना अजितमल जिला औरैया भी आए थे। वह 2011 बैच
के सिपाही थे। सायंकाल सात बजे के लगभग सीओ राजमार्ग पर बम्होरी सर के पास
स्थित एक ढाबा पर रुक गए। वहां बाथरूम में गनर अपनी कारबाइन लेकर फ्रेश
होने चला गया। अचानक अंदर गोली चलने की आवाज आने पर वहां जाकर देखा तो वह
खून से लथपथ पड़ा था। बाथरूम बिना छत वाला है। इसके बाद गनर को तत्काल
मेडिकल कॉलेज ले जाया गया मगर रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना की
जानकारी के बाद एसपी प्रभाकर चौधरी और सीओ हरीकांत द्विवेदी सहित अन्य
अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ का कहना है कि चार गोली चलीं, जिनमें से एक
सिपाही को लगी थी। घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किए गए हैं। वहीं, घटना के
संबंध में एसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला धोखे से
गोली चलने का लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।