ललितपुर। ग्राम मिर्चवारा- बुरौगांव में ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (एलपीजीसीएल) की सुपर क्रिटिकल 1980 मेगावाट थर्मल पावर परियोजना की 660 मेगावाट की प्रथम इकाई रविवार से शुरू हो गई। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने बटन दबा कर इस इकाई का लोकार्पण किया।
इस मौके पर पावर प्लांट ग्रुप के चेयरमैन कुशाग्र नयन बजाज ने कहा कि एलपीजीसीएल की इस इकाई के प्रारंभ होने से प्रदेश में बजाज ग्रुप ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी हो गया है। बजाज इनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 450 मेगावाट बिजली का पहले से उत्पादन किया जा रहा है। इस ऊर्जा क्षमता के विस्तारीकरण से यह प्रयास मील का पत्थर साबित होगा। एलपीजीसीएल के सीईओ के जे वर्की ने बताया कि कुशल टीम ने सफलतापूर्वक और समयबद्ध तरीके से आपरेशंस को पूरा किया है।
मालूम हो कि बजाज ग्रुप की इकाई एलपीजीसीएल द्वारा प्रदेश सरकार से अप्रैल- 2010 में 1980 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट का करार किया था। इसी कड़ी में 660 मेगावाट की पहली इकाई सफलतापूर्वक शुरू कर दी गई है। बजाज ग्रुप पावर, पर्सनल केयर प्रोडक्ट, रियल स्टेट, शुगर एवं एथनाल उत्पादन के सेक्टर में सक्रिय भूमिका में है।
नहीं आए मुख्यमंत्री
ललितपुर। ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड की 660 मेगावाट की प्रथम इकाई का शुभारंभ करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आना था, लेकिन ऐन मौके पर उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया। बताया गया कि आगरा में उनका कोई कार्यक्रम था, इसमें विलंब हो जाने के कारण वह नहीं आ सके।