ललितपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर जिला संगठन की गुटबाजी उजागर हो गई। निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पर्चा नहीं भरे जाने के मामले में कहा कि नहीं लड़ना था तो हमें बता देते, हम दूसरे को फार्म भरवा देते। जो पार्टी के साथ भितरघात करता है, वह मां-बाप के साथ भी ऐसा ही करता है।
समाजवादी पार्टी में लंबे समय अंदर खाने में वर्चस्व की जंग चल रही है। समय-समय पर अंदरूनी कलह सबके सामने आती रहती है। इस बार मौका राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन का था। इस दौरान पार्टी के कई दिग्गज जिला कार्यालय में जुटे। जब भाषणबाजी का दौर शुरू हुआ तो कई नेताओं ने जिला पंचायत चुनाव को लेकर जमकर भड़ास निकाली। निवर्तमान जिलाध्यक्ष तिलक यादव ने कहा कि कुछ लोगों ने जिला पंचायत की चार सीटों को हराया, इन सीटों पर पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतार दिए, जिससे पार्टी उन जगहों पर हार गई। पूर्व के जिला पंचायत चुनाव में अध्यक्ष के खिलाफ कौन अविश्वास लेकर आया? इसका भी जिक्र अपने भाषण में किया। इतना ही नहीं, अविश्वास के बाद पार्टी प्रत्याशी के पर्चा नहीं भर पाने की बात को भी कोड किया गया। जिस तरह पूर्व के चुनाव में हुआ, उसी तरह इस चुनाव में भी पर्चा नहीं भरा जा सका। अन्य नेताओं ने भी भड़ास निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा भाषण
अखिलेश के जन्मदिन पर हुई भाषणबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी चर्चा जगह-जगह हो रही है।
जो लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिन के मौके पर निजी कुंठा निकाल रहे हैं, ऐसे लोगों से मिशन 2022 की सफलता की क्या उम्मीद लगाई जा सकती है। वह लोग पार्टी के कार्यकर्ताओं को नसीहत दे रहे हैं, जो कभी पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। - राजेश यादव, वरिष्ठ नेता, सपा
पूर्व सीएम का मना जन्म दिवस
स्टेशन रोड पर स्थित जिला कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष/पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 48 वां जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। सपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष तिलक यादव, पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा, ज्योति सिंह लोधी, यादवेंद्र सिंह, कैलाश सिंह यादव, जगदीश कंचन आदि मौजूद रहे।
लोहिया वाहिनी और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने किया रक्तदान
लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष आशीष अहारिया, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष इंजी. हृदेश यादव, राघवेंद्र यादव, रोहित यादव, आकाश यादव, पंकज श्रीवास, पुष्पेंद्र, यादवेंद्र, अंकित, अजय, हैप्पी, शहरोज ने रक्तदान किया।